आगरा के थाना एत्माद्दौला क्षेत्र स्थित ट्रांस यमुना कॉलोनी में नगर निगम द्वारा नाले के निर्माण कार्य के दौरान एक दर्दनाक हादसा हुआ। ठेकेदार के ट्रैक्टर की चपेट में आने से एक मासूम बच्ची की मौत हो गई।
बिना सुरक्षा उपायों के चल रहा निर्माण कार्य ।
स्थानीय लोगों के अनुसार, नगर निगम द्वारा बिना किसी सुरक्षा व्यवस्था और डायवर्जन के नाले का निर्माण कराया जा रहा था। इसी दौरान ठेकेदार के ट्रैक्टर ने मासूम बच्ची को कुचल दिया। मौके पर मौजूद परिवारीजन व राहगीर बच्ची को तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पहले भी हो चुकी हैं लापरवाही की घटनाएं
यह पहला मामला नहीं है जब ठेकेदार की लापरवाही से बड़ा हादसा हुआ हो। इससे पहले भी ट्रांस यमुना कॉलोनी के व्यस्ततम मार्ग पर एक पेड़ गिर गया था, जिससे एक ऑटो उसकी चपेट में आ गया था। बावजूद इसके, ठेकेदार ने किसी भी प्रकार की सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित नहीं की।
स्थानीय निवासियों की शिकायतें हुईं अनसुनी
इस मामले को लेकर स्थानीय निवासी कई बार नगर निगम में शिकायत दर्ज करा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। ठेकेदार पर निर्माण कार्य को मानकों के विपरीत करने के भी आरोप लग चुके हैं, फिर भी वह मनमाने तरीके से काम कर रहा है।
प्रशासन कब लेगा संज्ञान?
ट्रांस यमुना कॉलोनी की मुख्य बाजार में चल रहे इस निर्माण कार्य में अगर जल्द सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया गया तो आगे भी ऐसी घटनाएं हो सकती हैं। अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस लापरवाही पर क्या कदम उठाता है और ठेकेदार के खिलाफ क्या कार्रवाई होती है।
