आगरा पुलिस ने शातिर टप्पेबाजी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए तीन पुरुष और दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। गिरोह को एक पति-पत्नी मिलकर संचालित कर रहे थे। इनके पास से करीब दो किलो नकली सोने की गिन्नी और 3 लाख 78 हजार रुपये की नगदी बरामद हुई है।

गिरोह लोगों को ठगने के लिए अनोखा तरीका अपनाता था। वे घर की खुदाई में सोने के निकलने की बात कहकर लोगों को फंसाते थे। आरोपियों ने मेरठ में किराए के मकान में रहकर वारदातों को अंजाम दिया। गिरोह ने असम, गुजरात, उत्तराखंड, सिलीगुड़ी सहित कई राज्यों में ठगी की घटनाएं की हैं।
आगरा में अब तक इस गिरोह ने 6 घटनाओं को अंजाम देकर 22 लाख रुपये की ठगी की। पकड़े गए आरोपी मूल रूप से इटावा के निवासी हैं।

एसीपी हरी पर्वत आदित्य कुमार ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों पर कार्रवाई कर उन्हें जेल भेज दिया गया है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में बड़ी राहत महसूस की जा रही है।
