आगरा। नवागत मंडलायुक्त शैलेंद्र कुमार सिंह ने सोमवार को अपना कार्यभार संभाल लिया। उन्होंने कहा कि शासन और प्रशासन के बीच समन्वय स्थापित करते हुए जनसमस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता में रहेगा।
मंडलायुक्त ने विश्वास दिलाया कि शासन की मंशा के अनुरूप सभी अधिकारियों और नागरिकों को साथ लेकर काम किया जाएगा। विशेष रूप से आगरा को पर्यटन नगरी के तौर पर और विकसित करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है।
पर्यटकों की सहूलियत और सुरक्षा पर विशेष ध्यान
मंडलायुक्त ने कहा कि आगरा एक अंतरराष्ट्रीय स्तर का पर्यटन स्थल है। ऐसे में पर्यटकों की सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा।
क्षेत्र की समस्याओं से हैं भलीभांति परिचित
शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि आगरा मंडल में चार जिले आते हैं, जिनमें आगरा और मथुरा में वे पहले भी कार्यरत रह चुके हैं। उन्होंने कहा कि वे इन जिलों की समस्याओं और आवश्यकताओं से भलीभांति परिचित हैं।
आगरा के विकास को मिलेगा नया आयाम
मंडलायुक्त ने कहा कि आगरा को पर्यटन और विकास के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए वे ठोस कदम उठाएंगे। उन्होंने सभी विभागों से समन्वय बनाकर कार्य करने की अपील की।
