आगरा में घूमने आए एक पर्यटक दंपति की प्यारी कुतिया ग्रेहाउंड पिछले पांच दिनों से लापता है। कुत्ते को खोजने के लिए दंपति ने हर संभव प्रयास किया है, लेकिन अभी तक कोई सुराग नहीं मिला है। मायूस दंपति ने अब इनाम की राशि बढ़ाकर 50 हजार रुपये कर दी है।
दिल्ली निवासी दीपायन घोष और उनकी पत्नी कस्तूरी पात्रा एक नवंबर को आगरा आए थे और होटल ताज व्यू में ठहरे थे। वे अपने दो कुत्तों को भी साथ लाए थे। तीन नवंबर को फतेहपुरी सीकरी घूमने जाने से पहले उन्होंने अपने कुत्तों को होटल के कर्मचारी के हवाले कर दिया था। लेकिन, होटल कर्मचारी की लापरवाही के कारण उनकी एक कुतिया ग्रेहाउंड गायब हो गई।
कस्तूरी पात्रा ने बताया, “हमारी प्यारी कुतिया कहीं भी नहीं मिल रही है। हमने 30 से अधिक लोगों को खोजने के लिए लगाया है। सीसीटीवी कैमरे खंगाले गए हैं। तीन किलोमीटर के दायरे में हर जगह तलाश की गई है, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। अब तो हम बहुत परेशान हो गए हैं।”
दंपति ने कुत्ते को खोजने के लिए सोशल मीडिया पर भी अपील की है। उन्होंने बताया कि उन्होंने कुत्ते को खोजने वाले को 20 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की थी, लेकिन अब उन्होंने इसे बढ़ाकर 50 हजार रुपये कर दिया है।
दंपति ने होटल प्रबंधन के खिलाफ थाना पर्यटन में लापरवाही का मुकदमा भी दर्ज कराया है। दीपायन घोष ने बताया कि वह कुतिया को खोजने के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं। होटल के 10 से अधिक कर्मचारी, 10-12 पशु प्रेमी और पुलिस भी सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।